धनबाद। धनबाद के हीरापुर पार्क मार्केट स्थित वॉलीबॉल मैदान में सांसद खेल महोत्सव के दूसरे दिन भी वॉलीबॉल प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपने प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में बतौर अतिथि समाजसेवी मुकेश लाल यादव का स्वागत किया गया। पुष्प गुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही विशिष्ट अतिथि सांसद प्रतिनिधि कैलाश गुप्ता, मनोज सिंह, विजय शर्मा, मंतोष कुमार, सुनील गुप्ता, शशि प्रकाश, रवि शर्मा, रमेश शर्मा को अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

मौके पर मुकेश लाल यादव ने प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को शुभकामना देते हुए कहा कि मानव जीवन में खेल का विशेष महत्व है। खेल से मानसिक और शारीरिक मजबूती बढ़ती है। खेल के माध्यम से भी जीवन में सफलता प्राप्त किया जा सकता है। मुकेश लाल यादव ने खिलाड़ियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि खेल प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग किया जाएगा।

सांसद प्रतिनिधि सह सांसद खेल महोत्सव के प्रभारी अजय सिन्हा ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव में विभिन्न खेलों के माध्यम से खिलाड़ी अपना प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। धनबाद के हीरापुर पार्क मार्केट मैदान में दो दिन वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन सफलता पूर्वक संपन्न हुआ।
वॉलीबॉल प्रतियोगिता में कोच की भूमिका सूरज प्रकाश लाल ने निभाई। कार्यक्रम का संचालन रजनीश तिवारी ने सफलतापूर्वक किया।
मौके पर मुख्य रूप से नीलू झा, प्राची विश्वकर्मा, कोमल देवी, ब्यूटी देवी, रीता देवी, सुमेश कुमार साव उर्फ गामा आदि मौजूद थे।

