कतरास में जल जमाव की समस्या पर बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो ने जताई नाराजगी
नगर निगम की घोर लापरवाही पर बरसे विधायक
कतरास। कतरास राजगंज रोड पर बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो सोमवार को धरना पर बैठ गए। मामला कतरास क्षेत्र में जल जमाव से आम लोगों के परेशानी झेलना पड़ रहा है। बीते शाम बारिश में कतरास थाना चौक, पंचगढ़ी, रानी बाजार आदि का क्षेत्र जलमग्न हो गया।
कतरास के पंचगढ़ी में बरसात और नाली का पानी लोगों के घरों में घुस गया। मुख्य सड़क पर नाली का पानी भर गया। आम लोगों को पैदल चलने और सड़क पर छोटे वाहनों को भारी फजीहत झेलनी पड़ रही है।
बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो ने आम लोगों की समस्या को देखते हुए धरना पर बैठ गए। शत्रुघ्न महतो ने कतरास में जलजमाव की समस्या को लेकर नगर निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया। शत्रुघ्न महतो ने कहा कि कतरास में जल जमाव की समस्या लंबे समय से है। पहले पांच फिट चौड़ा नाला था जिसके बावजूद जल जमाव की समस्या थी। नगर निगम द्वारा नया टेंडर में नाला की चौड़ाई कम कर तीन फिट कर दी। जिसके कारण जल जमाव की समस्या विकराल हो गई। कतरास के लोग नगर निगम नहीं नरक निगम की व्यवस्था में जीने को मजबूर हैं।
शत्रुघ्न महतो ने कहा कि नगर आयुक्त के साथ वार्ता में भरोसा जताया गया था कि कतरास के जल जमाव की समस्या का पूरी तरह निदान किया जाएगा। लेकिन कोई ठोस काम नहीं हुआ।
कतरास में जल जमाव की समस्या को लेकर चैंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव मनोज गुप्ता ने कहा कि नगर निगम की लापरवाही का नतीजा कतरास क्षेत्र के व्यवसायी भुगत रहे हैं। व्यापार पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। कतरास में जल जमाव का दायरा छोटा था लेकिन नगर निगम की लापरवाही और सड़क के अतिक्रमण और जल निकासी का प्रबंध नहीं करने के कारण जल जमाव का दायरा कतरास थाना और पंचगढ़ी को अपने दायरे में ले लिया। सड़क पर जल जमाव के साथ लोगों के घरों में नाली और बरसात का पानी घुस गया है। अगर नगर निगम जल्द जल निकासी की व्यवस्था नहीं करती और स्थायी समाधान पर कार्य नहीं करती है तो कतरास के व्यपारी अपनी अपनी दुकान बंद कर नगर निगम का विरोध करेगी।

