@ विजय कुमार
कतरास। कतरास के बौआ कला दक्षिण पंचायत सचिवालय में रविवार को मुखिया प्रतिनिधि महेश रजक के अध्यक्षता में बैठक की गई। जिसमें बीसीसीएल के एरिया 6 अंतर्गत ईस्ट बसुरिया कोलियरी प्रबंधक द्वारा कोलियरी विस्तार के तहत लगभग 50 परिवारों को आवास खाली करने का नोटिस दिए जाने का विरोध किया।
बैठक में ईस्ट बसुरिया कोलियरी प्रबंधक के तुगलकी फरमान का पुरजोर विरोध किया गया। बैठक में मौजूद प्रभावित लोगों ने अपना विचार साझा किया और आंदोलन की रणनीति पर चर्चा की।
पूर्व सांसद प्रतिनिधि संजीत कुमार सिंह ने कहा कि ईस्ट बसुरिया कोलियरी प्रबंधक द्वारा नोटिस दिया जाना गलत प्रक्रिया है। ईस्ट बसुरिया 2 नंबर 4 नंबर और ईस्ट बसुरिया बाजार क्षेत्र में रह रहे लोग बीसीसीएल को अपनी पूरी जिंदगी खपा दी और उन्हीं के परिवार के लोग यहां जीवन बसर कर रहे हैं।
संजीत कुमार सिंह ने कहा कि प्रबंधक द्वारा दिए गए नोटिस का विरोध किया जाएगा। साथ ही एरिया महाप्रबंधक से मांग करते हैं कि नोटिस को वापस लें अथवा प्रभावित होने वाले लोगों को उचित मुआवजा दिया जाए और विस्थापन नीति का लाभ दे। जब तक यह स्पष्ट नहीं हो जाता कि प्रभावित लोगों को सही तरीके से कहां और कैसे बसाया जाएगा। तब तक एक ईंट भी नहीं उजाड़ने देंगे।
बैठक में बोआ कला दक्षिण पंचायत के प्रभावित दर्जनों लोग शामिल थे।

