@ विजय कुमार
जलजमाव की समस्या से जूझ रहे लोग
गिरिडीह सांसद प्रतिनिधि सुभाष रवानी ने रेलवे अंडरपास में जल जमाव की समस्या को बताया गंभीर मामला
समस्या का समाधान जल्द नहीं तो होगा आंदोलन – सुभाष रवानी
बाघमारा। बाघमारा प्रखंड के बोआ कला उत्तर पंचायत अंतर्गत धनबाद नई दिल्ली रेल खंड पर गेट संख्या चार के पास रेलवे द्वारा बनाया गया अंडरपास स्थानीय ग्रामीणों और आसपास के लोगों के लिए मुसीबत का कारण बन गया है। रेलवे के अंडरपास में बिना बरसात भी पानी जमा हो जाता है। जिससे पैदल और छोटे वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
रेलवे के अंडरपास में जल जमाव की समस्या को लेकर बुधवार को गिरिडीह के सांसद प्रतिनिधि सुभाष रवानी ने स्थिति का जायजा लिया और मामला को गंभीर बताया।
सुभाष रवानी ने कहा कि अंडरपास के निर्माण में तकनीकी खामियां है जिसके कारण जल जमाव हो रहा है। सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी जी को पूरे मामले से अवगत कराया जाएगा। और डीआरएम धनबाद से मुलाकात कर समस्या समाधान का आग्रह किया जाएगा। समस्या समाधान जल्द नहीं होने पर स्थानीय ग्रामीणों के साथ जोरदार आंदोलन किया जाएगा।

