अंगार पथरा में भू धंसान का विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने किया निरीक्षण

Local

@ विजय कुमार

कतरास। बीसीसीएल के एरिया 4 अंतर्गत अंगार पथरा के कांटा पहाड़ी में लगातार भू धंसान की घटना से प्रभावित लोगों से सोमवार को टुंडी विधायक सह झारखंड सरकार के सचेतक मथुरा प्रसाद महतो ने दौरा किया और प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर स्थानीय ग्रामीणों के साथ बैठक कर समस्या से अवगत हुए।
टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो का कांटा पहाड़ी के ग्रामीणों ने फूल माला पहनाकर स्वागत किया। स्थानीय ग्रामीणों में महिला और पुरुष शामिल थे। ग्रामीणों ने मथुरा प्रसाद महतो को समस्या से अवगत कराया और अवैध खनन पर रोक लगाने और खतरा को देखते हुए सुरक्षित स्थान पर विस्थापन नीति के तहत लाभ देने की मांग रखी।
मथुरा प्रसाद महतो ने स्थानीय ग्रामीणों से बात करने के बाद भू धंसान क्षेत्र का निरीक्षण किया और मौके पर मौजूद बीसीसीएल के सुरक्षा पदाधिकारी संजय चौधरी को भू धंसान क्षेत्र में भराई और अवैध खनन पर रोक लगाने के साथ लोगों के जीवन को बचाने के लिए विस्थापित करने के कार्य को गति देने को कहा।
सुरक्षा पदाधिकारी संजय चौधरी ने कहा कि टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो स्थानीय जन प्रतिनिधि होने के नाते भू धंसान के प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। प्रबंधन अवैध खनन रोकने को लेकर प्रतिबद्ध है और लगातार अभियान चला कर अवैध खनन रोकने का प्रयास कर रही है। स्थानीय लोग भी पहल करें। अवैध खनन की सूचना स्थानीय पुलिस और बीसीसीएल प्रबंधन को दें।
वहीं ग्रामीण प्रदीप यादव ने बताया कि अवैध खनन पिछले छह साल से चल रहा है। शिकायत करने के बाद भी ठोस कार्रवाई नहीं हुआ। जब भी ग्रामीण अवैध खनन का विरोध करते हैं तो ग्रामीणों को ही धमकाया जाता है। यहाँ कब लोग जमीन में समा जाएंगे पता नहीं। हमेशा भय बना रहता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *