जमुनिया क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार
प्रबंधन और पुलिस के संयुक्त कार्रवाई में मिनी हाईवा व ट्रक जब्त
बाघमारा। बाघमारा के जमुनिया इलाके में अवैध कोयला कारोबार को लेकर प्रबंधन और पुलिस के संयुक्त कार्रवाई में अवैध कोयला कारोबार का खुलासा हुआ है।
आरटीआई कार्यकर्ता जगत महतो ने पहले भी इस मामले को लेकर आवाज उठाई थी और अवैध कारोबार के खिलाफ धरना देने की चेतावनी दी थी। हालांकि कार्रवाई के आश्वासन के बाद धरना समाप्त कर दिया था।
जमुनिया क्षेत्र में कोयला लदे वाहन पकड़े जाने के बाद यह चर्चा तेज हो गई है कि जगत महतो द्वारा उठाए गए मुद्दे निराधार नहीं थे।
जानकारी के अनुसार, माटीगढ़ा डैम कॉलोनी के पास एक ट्रक में कोयला लोड पाया गया, जिसे अवैध कारोबार से जोड़कर देखा जा रहा है। मामले में संयुक्त कार्रवाई करते हुए बाघमारा पुलिस, ब्लॉक-2 सीआईएसएफ तथा बीसीसीएल प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची। कार्रवाई के दौरान एक मिनी हाईवा को जब्त कर थाना लाया गया।
बताया जा रहा है कि एक ट्रक खराब हो जाने के कारण उसे थाना नहीं लाया जा सका।
धनबाद-बोकारो ब्रिज बॉर्डर के समीप स्थित एक भट्ठा में अवैध कोयला कारोबार संचालित होने की आशंका है। कहा जा रहा है कि पकड़ी गई मिनी हाईवा उसी स्थान पर कोयला लेकर जा रही थी।
बाघमारा पुलिस मामले की जांच कर रही है और इसमें संलिप्त लोगों का पता लगा रही है।

