बच्चों को दी कानूनी जानकारी
निःशुल्क कानूनी सहायता और सरकारी योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी
धनबाद : जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), धनबाद के सचिव मयंक तुषार टोपनो के निर्देशानुसार बुधवार को 90 दिवसीय गहन विधिक जागरूकता अभियान के तहत बेकारबांध स्थित जीवन ज्योति विद्यालय में दिव्यांग जनों के लिए विशेष विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्राचार्या विद्यालय की प्राचार्या अर्पणा दास ने डालसा के सहायक स्वाति कुमारी और अधिवक्ता संदीप सिंह को पुष्पा गुच्छ देकर स्वागत किया। वरीय अधिकार मित्र चंदन कुमार ने
शिविर को संबोधित करते हुए बच्चों और उनके अभिभावकों को विभिन्न सरकारी लाभों की जानकारी दी। दिव्यांगता पेंशन प्राप्त करने की सरल प्रक्रिया। सुगम यात्रा के लिए पास और सहायक उपकरण प्राप्त करने का तरीका। समाज के कमजोर वर्गों के लिए डालसा द्वारा दी जाने वाली मुफ्त वकील और कानूनी परामर्श की सुविधा। शिविर के दौरान विशेषज्ञों ने दिव्यांग बच्चों को उनके मौलिक अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और समान शिक्षा के अधिकार के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि समाज का यह विशेष अंग अपने कानूनी अधिकारों से वंचित न रहे। मौके पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के वरीय पीएलबी अनामिका सिंह, गीता सिंह, पूनम कुमारी, हेमराज चौहान, अरविन्द कुमार, संदीप और शिवानी ने भी दिव्यांग जनों के सशक्तिकरण के इस अभियान में सहयोग दिया।

9 मई को राष्ट्रीय लोक अदालत में हिस्सा लेने की अपील
आगामी 9 मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में भी विस्तार से बताया गया। उन्हें प्रोत्साहित किया गया कि वे अपने लंबित मामलों का आपसी सहमति से त्वरित निपटारा कराने के लिए लोक अदालत का लाभ उठाएं। शिविर में बच्चों के साथ-साथ उनके अभिभावकों को भी डालसा की अन्य सेवाओं जैसे लोक अदालत, प्री-लिटिगेशन, मध्यस्थता और डायन प्रथा की रोकथाम जैसे सामाजिक मुद्दों पर कानूनी जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि नालसा टोल-फ्री नंबर 15100 पर कॉल करके वे 24 घंटे कभी भी निःशुल्क कानूनी सलाह प्राप्त कर सकते हैं।

