धनबाद। धनबाद विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत भेलाटांड, बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय के समीप स्थित सुभाष नगर का दौरा सांसद प्रतिनिधि राज आर्यन शर्मा ने किया और स्थानीय ग्रामीणों एवं नगरवासियों से क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं से अवगत हुए। राज आर्यन शर्मा ने मौके पर क्षेत्र का निरीक्षण किया तथा स्थानीय लोगों से विस्तारपूर्वक बातचीत की।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रवासियों ने एक लिखित आवेदन सौंपते हुए बताया कि सुभाष नगर, वार्ड संख्या 22 में लगभग 20 परिवार निवास करते हैं। बावजूद इसके आज तक यहां सड़क, नाली, सरकारी नल एवं स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था नहीं की गई है।
लोगों ने बताया कि बारिश के दिनों में सड़क नहीं होने के कारण गलियों में घुटनों तक पानी जमा हो जाता है तथा नाली के अभाव में जल निकासी की समस्या गंभीर रूप धारण कर लेती है। वहीं, स्ट्रीट लाइट नहीं होने से क्षेत्र में हमेशा दुर्घटना और असामाजिक गतिविधियों का खतरा बना रहता है, जिससे विशेषकर स्कूली बच्चों एवं महिलाओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
क्षेत्र की स्थिति को देखकर सांसद प्रतिनिधि राज आर्यन शर्मा ने गहरी नाराजगी व्यक्त की और संबंधित विभाग के अधिकारियों से शीघ्र आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही।
उन्होंने कहा कि जनता की मूलभूत सुविधाओं से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा सांसद श्री ढुलू महतो जी के नेतृत्व में क्षेत्र की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा।
इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों ने सांसद प्रतिनिधि से विश्वविद्यालय गेट के दाहिनी ओर स्थित क्षेत्र से लेकर छोटेलाल जी के घर तक सड़क, नाली, सरकारी नल एवं स्ट्रीट लाइट की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की।
सांसद प्रतिनिधि राज आर्यन शर्मा ने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के साथ संबंधित विभागों के समक्ष उठाया जाएगा और जल्द से जल्द समाधान कराने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।

