@ विजय कुमार
कतरास। ईस्ट बसुरिया 6 नंबर स्थित सामुदायिक में दयानंद महतो की अध्यक्षता में स्थानीय ग्रामीणों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में ईस्ट बसुरिया अंतर्गत संचालित सत्यम इंफ्रा आउटसोर्सिंग कंपनी में स्थानीय लोगों को रोजगार और सुविधा देने को लेकर विचार विमर्श किया गया।
बैठक उपरांत दयानंद महतो ने पत्रकारों से कहा कि बैठक में ईस्ट बसुरिया, रंगूनी, निछानी आदि के ग्रामीण शामिल थे। ईस्ट बसुरिया अंतर्गत संचालित सत्यम इंफ्रा आउटसोर्सिंग कंपनी में स्थानीय बेरोजगार युवकों को रोजगार देने और स्थानीय ग्रामीणों को सामाजिक सुविधा बहाल करने को लेकर चर्चा हुई।
दयानंद महतो ने कहा कि ग्रामीणों को नजर अंदाज कर के कोई भी कंपनी काम नहीं कर सकती। स्थानीय बेरोजगार युवकों को रोजगार देना होगा और ग्रामीणों को सामाजिक सुविधा बहाल करनी होगी। सत्यम इंफ्रा आउटसोर्सिंग कंपनी अगर हमारी मांगों पर सकारात्मक वार्ता कर सहयोग नहीं करती और हमारी मांगों की अनदेखी करती है तो ग्रामीण आंदोलन को बाध्य होंगे और कंपनी का चक्का जाम किया जाएगा।
दयानंद महतो ने कहा कि कोयला उत्खनन से स्थानीय ग्रामीण प्रभावित होते हैं। जहां एक ओर विस्थापन जैसी समस्या है वहीं प्रदूषण का मार ग्रामीण झेलते हैं। किसी भी कंपनी को ग्रामीणों को प्रदूषण से बचाव और मूलभूत सुविधा बहाल करनी होती है। यह ग्रामीणों का अधिकार है।
बैठक में रंगूनी , निछानी, बड़की बोआ, मल्लाह बस्ती, कोल डंप, के सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

