@ विजय कुमार
श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
बाघमारा। बाघमारा प्रखंड अंतर्गत बौआ कला उत्तर पंचायत के बड़की बौआ में आयोजित सात दिवसीय रामचरित मानस महायज्ञ का श्रद्धा और भक्ति के माहौल में विधिवत समापन किया गया। समापन अवसर पर मंदिर परिसर में स्थापित 501 कलशों का महिला श्रद्धालुओं द्वारा निछानी जोरिया में विधिपूर्वक विसर्जन किया गया।
इस दौरान मंदिर परिसर में भंडारे का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। देर रात मंदिर परिसर में भक्ति जागरण का आयोजन भी हुआ, जिसकी शुरुआत गणेश वंदना के साथ की गई। जागरण में सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे और कलाकारों ने भक्ति गीतों के माध्यम से माहौल को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम के अवसर पर यज्ञ समिति के सदस्यों एवं पदाधिकारियों को ईस्ट बसुरिया ओपी प्रभारी रुपेश कुमार दुबे तथा मुखिया भीम लाल रजक द्वारा अंगवस्त्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान आयोजकों के कार्यों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन भी किया गया।

