@ विजय कुमार
लोयाबाद में आजसू नेत्री पर हमला, कई घायल, गाड़ियां तोड़ीं
कतरास। कोयलांचल में अवैध कोयला कारोबार और आउटसोर्सिंग कंपनियों में वर्चस्व को लेकर खूनी खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला धनबाद जिले के लोयाबाद थाना क्षेत्र का है, जहां अवैध कोयला संचालन के खिलाफ आवाज उठाने पर आजसू पार्टी की महिला नेत्री और ग्रामीणों पर जानलेवा हमला किया गया है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है।
बताया जाता है कि बासजोड़ा की रहने वाली आजसू पार्टी की नेत्री रजनी देवी ने लोयाबाद थाने में इलाके में चल रहे अवैध कोयले के काले कारोबार के खिलाफ एक लिखित आवेदन दिया है। रजनी देवी ने बताया कि जैसे ही लोयाबाद थाने में शिकायत देकर वापस लौटीं, अवैध कोयला कारोबार से जुड़े सिंडिकेट के लोगों ने उन पर और उनके समर्थकों पर लाठी, डंडे से हमला बोल दिया।
इस हिंसक झड़प में कई लोग गंभीर रूप से चोटिल हुए हैं। हमलावरों ने मौके पर खड़े कई वाहनों को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।
रजनी देवी ने कहा कि हमारी मांग है कि अवैध कोयला का कारोबार बंद हो। ग्रामीणों की जमीन का रही अब जान जा रहा है। हमलोग अवैध कोयला नहीं चलने देंगे।
घटना की सूचना मिलते ही स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई थानों की पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
आधा दर्जन गाड़ियों के शीशा टूटा
मौके पर आधा दर्ज वाहन का शीशा तोड़ दिया गया है। घटना में गोली चलाने की बात कही जा रही है। मनोज नामक युवक को गोली लगने की बात सामने आ रही है। लेकिन मनोज का कोई पता नहीं चल रहा है। आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। लेकिन स्पष्ट जानकारी नहीं है कि कितने लोग घायल हैं। घटनांकर बाद स्थानीय पुलिस जांच कर रही है।

