@ विजय कुमार
अवैध कोयला से जुड़े लोगों ने बम फोड़ कर दहशत फैलाया
रामकनाली थाना में हंगामा, ग्रामीणों को थाना परिसर छोड़ने को कहा
बाघमारा। बाघमारा के रामकनाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत कई स्थानों पर अवैध कोयला निकालने और काला कारोबार के खिलाफ झींझी पहाड़ी की मुखिया प्रेमलता कुमारी ने मोर्चा खोल दिया है।
बुधवार को मुखिया प्रेमलता कुमारी ने ग्रामीणों के साथ अवैध मुहाने पर धावा बोला जहां हजारों की संख्या में बोरा में कोयला जमा किया हुआ पाया। मजदूरों को ढोने वाली ऑटो को ग्रामीणों ने तोड़ फोड़ किया। जिसके बाद एक चालक ऑटो लेकर मौके से भाग निकला।
मुखिया प्रेमलता कुमारी के एक्शन में आने के बाद सैकड़ों ग्रामीणों के साथ अवैध मुहाने पर धावा बोलने से बौखलाए अवैध कोयला कारोबारियों ने दहशत फैलाने के लिए करीब एक दर्जन बम फोड़ा।
जिसके बाद मुखिया प्रेमलता कुमारी ग्रामीणों के साथ रामकनाली ओपी पहुंचे और अपनी शिकायत दर्ज कराया। ग्रामीण आक्रोशित थे और प्रशासन के मिलीभगत का आरोप लगाया।
वहीं झींझी पहाड़ी की मुखिया प्रेमलता कुमारी ने कहा कि किसी कीमत पर क्षेत्र में अवैध कोयला खनन नहीं होने देंगे। जहां भी शिकायत करनी होगी जाएंगे। अवैध मुहाने पर ग्रामीणों के साथ है तो दहशत फैलाने बम फोड़ा गया। फोन करने के बाद भी मौके पर पुलिस नहीं पहुंची
वहीं जमुआटांड़ पंचायत के मुखिया निरंजन गोप भी रामकनाली ओपी पहुंचे और प्रेमलता कुमारी का समर्थन किया। निरंजन गोप ने कहा कि क्षेत्र में अवैध कोयला खनन ग्रामीणों के अस्तित्व को मिटा देगा। भू धंसान की घटना जीवन को जोखिम में डाल रहा है। प्रशासन को अविलंब अवैध कोयला खनन पर रोक लगाना चाहिए। ग्रामीण अपने सुरक्षा की चिंता कर रहे जो जायज है। प्रशासन तत्काल कार्रवाई करे और अवैध कोयला खनन पर रोक लगाने का कार्य करे।
ग्रामीणों के आक्रोशित होने पर पुलिस ने ग्रामीणों के साथ खबर संकलन कर रहे पत्रकारों को भी परिसर छोड़ने को कहा। जिसके कारण ग्रामीण और आक्रोशित हो गए और प्रशासन के खिलाफ नारा लगाया।

