जल जमाव की समस्या से त्रस्त बोआ कला के ग्रामीणों का एक दिवसीय धरना
@ विजय कुमार
कतरास। बाघमारा प्रखंड के बोआ कला पंचायत अंतर्गत रेलवे का 4 नंबर फाटक को बंद कर अंडरपास के निर्माण में घोर अनियमितता से उत्पन्न स्थिति से ग्रामीणों को आवागमन में हो रही परेशानी के खिलाफ सोमवार को बोआ कला के ग्रामीणों ने एक दिवसीय धरना दिया।
एक दिवसीय धरना के माध्यम से धनबाद रेल मंडल के प्रबंधन से ग्रामीणों ने अंडरपास में जल जमाव की समस्या के निदान की मांग की। धरना में झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला महासचिव दीपक कुमार महतो ने कहा कि धनबाद रेलवे विकास करना चाहती है या विनाश। जो अंडरपास बनाया गया है उसमें घोर अनियमितता बरती गई है जिसके कारण जल जमाव होता है। ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है। हमारी मांगों को अनदेखा किया गया तो ग्रामीण आंदोलन को बाध्य होंगे।
संतोष रवानी ने कहा कि 4 नंबर फाटक को बंद कर दिया गया है और सिंगल अंडरपास रेलवे ने बनाया जबकि यहां डबल रोड अंडरपास की मांग थी जिसे धनबाद रेल प्रबंधन ने अनदेखी किया है और जो सिंगल रोड अंडरपास बनाया उसमें खामियां है। जल जमाव होने से लोगों को परेशानी हो रही है। बरसात में यह परेशानी और बढ़ेगी। इसका समाधान जल्द होना चाहिए।
वहीं बबलू महतो ने कहा कि रेलवे के अंडरपास में घोर लापरवाही बरती गई है जिसके कारण बिना बरसात के भी जल जमाव हो रहा है। धनबाद रेल मंडल अगर समस्या का समाधान नहीं करती है तो ग्रामीण उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे। डीआरएम कार्यालय का घेराव किया जाएगा और तब भी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो रेल रोको आंदोलन के तहत रेल का चक्का जाम किया जाएगा।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। धरना के दौरान रेल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारा लगाया गया।

