धनबाद।भाजपा सांसद ढुल्लू महतो के समर्थकों पर पत्रकारों के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी एवं धमकी का आरोप
क्रांतिकारी पत्रकार अमित सिंह (प्रदेश सचिव, अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार फाउंडेशन, झारखंड) का बयान
झारखंड में पत्रकारों की गरिमा और स्वतंत्रता पर गंभीर प्रश्न खड़े करते हुए क्रांतिकारी पत्रकार अमित सिंह ने आरोप लगाया है कि धनबाद के भाजपा सांसद ढुल्लू महतो के समर्थकों द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर पत्रकारों को “चोर”, “बिकाऊ” एवं “ब्लैकमेलर” जैसे अमर्यादित और अपमानजनक शब्दों से संबोधित किया जा रहा है।
अमित सिंह के अनुसार, व्हाट्सएप, मेसेंजर सहित विभिन्न डिजिटल माध्यमों के जरिए पत्रकारों को लगातार धमकियां भी दी जा रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सिंह मेंशन या धनबाद के मेयर संजीव सिंह से संबंधित समाचारों के प्रकाशन पर पत्रकारों को “देख लेने” जैसी धमकियां दी जा रही हैं। इस संदर्भ में उनके पास पर्याप्त डिजिटल साक्ष्य उपलब्ध होने का भी दावा किया गया है।
इस पूरे प्रकरण को अत्यंत गंभीर बताते हुए अमित सिंह ने झारखंड राज्य में संचालित विभिन्न मान्यता प्राप्त प्रेस क्लबों, पत्रकार यूनियनों एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने राज्य के सभी पत्रकार साथियों से एकजुट होकर इस प्रकार की धमकियों, दबाव और अभद्र भाषा के खिलाफ आवाज उठाने तथा आवश्यक होने पर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने की अपील की है।

