बाघमारा । बाघमारा के सोनारडीह थाना अंतर्गत दांताबाड़ी में भू धंसान के चौथे दिन पूर्वी जमशेदपुर के विधायक सरयू राय निरीक्षण करने पहुंचे। प्रभावितों से मुलाकात की और उनकी समस्या को सुना।
सरयू राय ने कहा कि जवाबदेह की लापरवाही का नतीजा है भू धंसान की घटना जिसमें तीन लोगों की अकाल मृत्यु हो गई। झारखंड सरकार को स्वतः संज्ञान लेकर मामला दर्ज कराना चाहिए और जो भी इसके पीछे हैं उस पर कार्रवाई होनी चाहिए।
सरयू राय ने कहा कि अधिकांश मामलों में सबूतों को नष्ट कर दिया जाता है लेकिन यहां पर्याप्त सबूत है कि कैसे घटना हुई। यह चिंताजनक स्थिति है कि ऐसे माहौल में लोग रह रहे हैं जहां हर पल जान का जोखिम है। पूरी घटना का उच्च स्तरीय जांच हो। धनबाद में दी जी एम एस संस्था के ऊपर सुरक्षा की जिम्मेदारी है । इसके बावजूद ऐसी घटना का होना सवाल खड़ा करता है।

